भोजशाला फैसले के बाद धार में जश्न, रंग-गुलाल के बीच गूंजे जयकारे; परिसर में दिखा होली जैसा माहौल

ऐतिहासिक भोजशाला मामले में फैसले के बाद धार में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। फैसले के बाद बड़ी संख्या में पहुंचे हिंदू समाज के लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की, जिससे पूरे परिसर में होली जैसा माहौल नजर आया।
भोजशाला परिसर के बाहर और आसपास जय श्री राम और धार्मिक जयकारों की गूंज सुनाई दी। श्रद्धालुओं ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे सनातन समाज की बड़ी जीत बताया। कई लोगों ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी व्यक्त की।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। फैसले के बाद माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। भोजशाला परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रशासन की ओर से लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
गौरतलब है कि भोजशाला का धार्मिक स्वरूप लंबे समय से विवाद का विषय रहा है, जिस पर आए फैसले के बाद अब धार सहित प्रदेशभर में इसकी चर्चा तेज हो गई है।






