|

काठमांडू एयरपोर्ट पर टर्किश विमान में लैंडिंग के दौरान लगी आग, सभी 277 यात्री सुरक्षित

नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह टर्किश एयरलाइंस के एक विमान में लैंडिंग के दौरान आग लगने की घटना सामने आई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं तथा किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस्तांबुल से काठमांडू पहुंचे टर्किश एयरलाइंस के फ्लाइट टीके-726 के पहियों में सुबह करीब 6:45 बजे लैंडिंग के दौरान आग लग गई थी। आग लगने के तुरंत बाद दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया

अधिकारियों के मुताबिक, विमान में चार बच्चों सहित कुल 277 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को आपातकालीन दरवाजा खोलकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। बचाव अभियान के दौरान कुछ यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

घटना के कारण विमान रनवे पर ही रुक गया, जिससे त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की AI-215 और शारजाह से आने वाली G9-536 फ्लाइट को काठमांडू के आसमान में होल्ड पर रखा गया।

इसके अलावा भूटान के पारो से आने वाली ड्रुक एयर, दुबई से फ्लाई दुबई, तथा कुआलालंपुर और ग्वांगझू से नेपाल एयरलाइंस की उड़ानों को भी अस्थायी रूप से होल्ड करना पड़ा।

फिलहाल, नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान के पहियों में तकनीकी खराबी या घर्षण के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Share

Similar Posts