काशी विश्वनाथ धाम में पीएम मोदी ने किया पूजन, बच्चों पर लुटाया प्यार, हरदोई के लिए रवाना

Narendra Modi ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अंतिम दिन बुधवार सुबह Kashi Vishwanath Temple में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग का षोडशोपचार पूजन और अभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। मंदिर के स्वर्णिम गर्भगृह में पूजा अर्चकों द्वारा संपन्न कराई गई।
शंखध्वनि और जयकारों के बीच हुआ स्वागत
प्रधानमंत्री का मंदिर परिसर में प्रवेश 51 ब्राह्मणों की शंखध्वनि और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच हुआ। मंदिर न्यास के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
बरेका गेस्ट हाउस से मंदिर तक करीब 14 किलोमीटर के रोड शो में काशीवासियों का उत्साह देखने लायक रहा। रास्तेभर लोगों ने ढोल-नगाड़ों, डमरू और पुष्पवर्षा के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री ने भी हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष गूंजते रहे।
बच्चों से की मुलाकात
दर्शन के बाद Narendra Modi ने मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उन पर स्नेह लुटाया। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनका सिर सहलाकर आशीर्वाद दिया।
हरदोई के लिए रवाना
पूजा-अर्चना के बाद प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए, जहां से वे हरदोई जाएंगे। वहां वे गंगा एक्सप्रेस-वे सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और मंत्रीगण भी मौजूद रहे। पीएम मोदी को मंदिर परिसर में त्रिशूल और डमरू भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसे उन्होंने भक्तों को दिखाकर अभिवादन भी किया।






