नेपाल में नया शैक्षणिक सत्र शुरू, निजी स्कूलों को अवैध शुल्क लौटाने के निर्देश

नेपाल में नया शैक्षणिक सत्र मंगलवार से आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। अब स्कूल स्तर का सत्र हर वर्ष नेपाली कैलेंडर के अनुसार बैशाख 15 से शुरू होगा, जो पहले बैशाख 2 से प्रारंभ होता था।

शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने निजी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे नियमों के विपरीत वसूले गए प्रवेश शुल्क और अन्य अतिरिक्त शुल्क वापस करें। इसके लिए स्थानीय निकायों को कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सरकार का यह फैसला निजी स्कूलों द्वारा समय से पहले प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने और अनियमित शुल्क वसूली की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

इसी बीच नेपाल उच्चतम न्यायालय ने भी अंतरिम आदेश जारी कर स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वार्षिक परीक्षा पूरी होने, परिणाम घोषित होने और अंकपत्र जारी किए बिना प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की जाए।

न्यायमूर्ति बालकृष्ण ढकाल की एकल पीठ ने कहा कि शैक्षणिक सत्र आधिकारिक रूप से शुरू होने के बाद ही छात्रों का प्रवेश लिया जाए। साथ ही अदालत ने परीक्षा परिणाम, शैक्षणिक कैलेंडर और प्रमाणपत्र वितरण के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

अदालत ने संबंधित पक्षों को 15 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया है। सरकार और न्यायालय के इन कदमों को शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share

Similar Posts