मध्य प्रदेश में आज से बदल रहा मौसम, 4 दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में रविवार से मौसम करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन की सक्रियता के कारण होने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 और 31 मार्च को इन दो सिस्टम्स का असर सबसे ज्यादा रहेगा। इस दौरान ग्वालियर, भिंड और दतिया जिलों में ओले गिरने की संभावना है। ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिसकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का दौर चलेगा। 1 अप्रैल से सिस्टम कमजोर पड़ना शुरू हो जाएगा, लेकिन तब भी प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना रहेगी।
मौसम बदलने के कारण प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान गिर सकता है। फिलहाल, कई इलाकों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक है। नर्मदापुरम सबसे गर्म शहर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
शनिवार को भी तापमान में हल्की कमी दर्ज की गई। नर्मदापुरम में तापमान 38.5 डिग्री, खंडवा 38 डिग्री, रतलाम 38.2 डिग्री, खरगोन 38 डिग्री, बैतूल 37.7 डिग्री और मंडला 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बड़े शहरों में भोपाल 36.2, इंदौर 36.5, ग्वालियर 35.3 और उज्जैन 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेशवासियों को मौसम विभाग ने सावधानी बरतने और तेज हवाओं, ओलावृष्टि तथा आंधी के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।






