अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा

नई दिल्ली। भारत ने रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगानिस्तान की धरती पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की मौत की खबरें सामने आई हैं, जिस पर भारत ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Randhir Jaiswal ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह पाकिस्तान का अपनी आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
भारत ने अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपने समर्थन को दोहराया। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि भारत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और मानवीय मूल्यों के संरक्षण के पक्ष में खड़ा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना से क्षेत्रीय तनाव बढ़ सकता है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी संयम बरतने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है।






