| | |

मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दतिया में देंगे 532 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शनिवार को दतिया जिले की तहसील सेवढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में 532 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे।

जनसंपर्क अधिकारी निहारिका मीना के अनुसार, इस अवसर पर मुख्यमंत्री सिंध नदी पर नव निर्मित सेतु का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसई और अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भी लोकार्पण होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सनकुआ धाम के समीप स्थित द्वारिकाधीश मंदिर में पूजन-अर्चन भी करेंगे। इसके अलावा, कृषि उपज मंडी प्रांगण सेवढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में वे 299.32 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 53 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे और 233.24 करोड़ रुपये की लागत के 21 नए कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी करेंगे। यह पहल जिले में बुनियादी ढांचा और सामाजिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने में अहम योगदान देगी।

Share

Similar Posts