अहंकार नष्ट करने को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में संत यज्ञ अनुष्ठा

मौनी अमावस्या के दिन माघ मेला में शुरू हुआ विवाद अब भी थमता नजर नहीं आ रहा है। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज सत्ता के अहंकार को नष्ट करने के उद्देश्य से मंगलवार को अपने शिविर में संत यज्ञ अनुष्ठान कर रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र योगीराज सरकार ने बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज, उनके शिष्यों और भक्तों के साथ हुई घटना को लेकर सरकार और प्रशासनिक अधिकारी क्षमा मांगने के बजाय लगातार नोटिस जारी कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता के मद में चूर है और अहंकार में डूबी हुई है। शंकराचार्य महाराज लंबे समय से गौमाता की रक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जनजागरण अभियान चला रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है।
संगम की रेती पर होगा संत हवन
शैलेन्द्र योगीराज सरकार ने बताया कि सरकार के अहंकार को नष्ट करने के उद्देश्य से संगम की रेती पर संत हवन एवं यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। इसमें संत समाज की सहभागिता रहेगी और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न होगा।
विवाद पर लगातार गरमाया माहौल
मौनी अमावस्या को माघ मेला के दौरान हुए घटनाक्रम के बाद से संत समाज में रोष बना हुआ है। संतों का कहना है कि प्रशासनिक रवैया संवेदनहीन है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।






