श्रीराम मंदिर की द्वितीय वर्षगांठ पर भागलपुर में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित

अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को भागलपुर जिले के एनडीए कार्यालय बिहपुर में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ई. शैलेंद्र ने किया।

इस अवसर पर विधायक ई. शैलेंद्र ने कहा कि श्रीराम मंदिर युगों की तपस्या, त्याग और संकल्प का परिणाम है। यह केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्र चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता और सनातन परंपरा का सजीव प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ भारत की सांस्कृतिक पुनर्प्रतिष्ठा, राष्ट्रीय नवजागरण और आत्मगौरव के पुनरुत्थान का ऐतिहासिक साक्ष्य है।

विधायक ने कहा कि 496 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद आज सभी सनातनियों को अयोध्या में दिव्य, भव्य और अलौकिक श्रीराम मंदिर में रामलला के दर्शन और पूजन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे एनडीए कार्यालय को दीयों से सजाया। साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर नितिन नवीन के स्वागत में भी जश्न मनाया गया। विधायक ई. शैलेंद्र ने उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराकर खुशी साझा की।

नवगछिया पुलिस जिला भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि 25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक बेहतर एवं संगठित तरीके से आयोजित करने की रूपरेखा भी इस अवसर पर तैयार की गई।

Share

Similar Posts