प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान-भारत मुक्त व्यापार समझौते की जल्द समीक्षा का किया आह्वान, क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग पर दिया जोर

कुआलालंपुर, 27 अक्टूबर 2025 —
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आसियान नेताओं के साथ बैठक में आसियान-भारत मुक्त व्यापार समझौते (AIFTA) की शीघ्र समीक्षा का आह्वान किया है, ताकि दोनों पक्ष अपनी पूर्ण आर्थिक क्षमता का लाभ उठा सकें।
प्रधानमंत्री मोदी ने कल मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “21वीं सदी भारत और आसियान की है, क्योंकि हम मिलकर विश्व की लगभग एक-चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं।”
प्रधानमंत्री ने आतंकवाद को क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए सामूहिक सहयोग और एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी लागू करने की कार्ययोजना के लिए भारत के पूर्ण समर्थन की घोषणा की।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने दूसरी आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की बैठक और आसियान-भारत समुद्री अभ्यास आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही उन्होंने आसियान पॉवर ग्रिड पहल को सशक्त बनाने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के 400 पेशेवरों को प्रशिक्षण देने की घोषणा की।
इस बैठक को भारत और आसियान के बीच विस्तारित आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






