“संबित पात्रा का असंसदीय आचरण”, राहुल गांधी को ‘देशद्रोही’ कहने पर कांग्रेस ने लिया एक्शन; संसद में दिया नोटिस


कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने संसद में विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नोटिस दिया है। उन्होंने इस मुद्दे को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह स्पष्ट रूप से संविधान और संसदीय मर्यादा का उल्लंघन है।
ईडन ने अपने पत्र में कहा कि 5 दिसंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पात्रा ने राहुल गांधी को देशद्रोही कहकर अपमानित किया। कांग्रेस सांसद ने इसे ‘असंसदीय और अपमानजनक’ शब्दावली करार दिया और कहा कि ऐसा करना न केवल राहुल गांधी के पद का अपमान है, बल्कि यह उनके संसदीय अधिकारों का उल्लंघन भी है।
ईडन ने कहा, “विपक्ष के नेता का पद संवैधानिक है और इस पद का सम्मान किया जाना चाहिए। पात्रा ने जो शब्द इस्तेमाल किए हैं, वे न केवल अपमानजनक हैं बल्कि संविधान का उल्लंघन करते हैं। उन्हें इस मामले में अवमानना का सामना करना चाहिए।”
कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मुद्दे को शांत नहीं होने देगी और संसद में इस पर गंभीर कदम उठाएगी।